उत्तराखंड विस के पूर्व अध्यक्ष का खुलासा- ‘100 करोड़ लो या सीएम बन जाओ, भाजपा ने मुझे की थी पेशकश’
उत्तराखंड विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने बृहस्पतिवार को सनसनीखेज खुलासा किया। उन्होंने कहा कि 2016 के सियासी संग्राम के दौरान हरीश रावत सरकार को गिराने के लिए उन्हें 100 करोड़ रुपये की पेशकश की गई थी।
इसे ठुकरा दिया गया, तो नई पेशकश सीएम पद से जुड़ी की गई। कहा गया कि वह नौ विधायकों की सदस्यता खत्म न करें। हरीश रावत सरकार गिर जाएगी, तो फिर उन्हें सीएम बना दिया जाएगा। मगर ये पेशकश भी उन्होंने स्वीकार नहीं की।
2016 के सियासी संग्राम में विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोप बडे़ स्तर पर गूंजे थे। कांग्रेस के पूर्व विधायक गणेश गोदियाल और राजेंद्र भंडारी ने तो बाकायदा प्रेस कांफ्रेंस करके ये खुलासा किया था कि उन्हें कांग्रेस छोड़ने की एवज में पांच-पांच करोड़ रुपये की पेशकश की गई। कांग्रेस के उस समय के एक विधायक ने बाद में बताया था कि उन्हें दस करोड़ रुपये तक देने की बात हुई थी।
अब तक की सबसे बड़ी पेशकश का खुलासा करके सबको चौंकाया
बृहस्पतिवार को हल्द्वानी में कार्यकर्ताओं के बीच एक कार्यक्रम में विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने खरीद फरोख्त की अब तक की सबसे बड़ी पेशकश का खुलासा करके सबको चौंका दिया। अमर उजाला से बातचीत में भी कुंजवाल ने अपने उन शब्दों को दोहराया, जो उन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच कहे। कुंजवाल ने कहा कि उन्होंने हमेशा ईमानदारी से राजनीति की है और प्रलोभनों को हर बार खारिज किया।
