मोदी बोले, ‘देशवासियों, आपको सबूत चाहिए या सपूत चाहिए’
लोकसभा चुनाव 2019 में बीजेपी की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से चुनाव प्रचार का आगाज कर रहे हैं. पीएम मोदी आज (गुरुवार को) इसके तहत मेरठ में पहली रैली कर रहे हैं. उनके साथ यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद हैं. उनके मंच पर पहुंचने पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूलों का हार पहनाकर स्वागत किया. पीएम मोदी ने इस दौरान खचाखच भरे मैदान के मंच से कहा कि जिसे भी 2019 का जनाधार देखना हो, वे ये जनसैलाब देखें. उन्होंने मंच से कहा कि इस बार भी बीजेपी की सरकार बनना तय है.
उन्होंने एयरस्ट्राइक के सबूत मांगने वालों पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि विपक्ष रोता है कि मोदी ने पाकिस्तान को घर में घुसकर क्यों मारा. महागठबंधन के नेता पाकिस्तानी मीडिया में छाए हैं. 26 फरवरी से आतंकियों की रूह कांप रही है. अब देश बताए कि उन्हें सबूत चाहिए या सपूत चाहिए. पीएम मोदी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा, ‘जब दिल्ली में इन महामिलावटी लोगों की सरकार थी, तो आए दिन देश के अलग-अलग कोने में बम धमाके होते थे. ये आतंकियों की भी जात और पहचान देखते थे और उसी आधार पर पहचान करते थे कि इसे बचाना है या सजा देनी है.’
पीएम मोदी ने कहा, ‘मैं अपना हिसाब दूंगा. साथ-साथ दूसरों का हिसाब भी लूंगा. ये दोनों काम साथ-साथ चलने वाले हैं. तभी तो होगा हिसाब बराबर. और आप तो जानते हैं कि मैं चौकीदार हूं. चौकीदार कभी नाइंसाफी नहीं करता है. हिसाब होगा, सबका होगा, बारी-बारी से होगा. आने वाले दिनों में एनडीए के पांच साल का हिसाब रखूंगा और विरोधियों से पूछूंगा कि जब देश ने आप लोगों पर भरोसा किया था, तो आप नाकाम क्यों रहे. क्यों आपने देश की जनता का भरोसा तोड़ा.’
उन्होंने कहा, ‘आज एक तरफ विकास का ठोस आधार है, दूसरी तरफ न नीति है, न विचार है, न ही नीयत है. आज एक तरह नए भारत के संस्कार हैं और दूसरी तरह वंशवाद का बोलबाला है. आज एक तरफ नए भारत के संस्कार हैं, तो दूसरी तरफ वंशवाद और भ्रष्टाचार का विस्तार है. एक तरफ दमदार चौकीदार है, तो दूसरी तरफ दागदारों की भरमार है.’ पीएम मोदी ने कहा, ‘5 साल पहले जब मैंने आप सभी से आशीर्वाद मांगा था तो आपने भरपूर प्यार दिया था, मैंने कहा था आपके प्यार को मैं ब्याज सहित लौटाऊंगा और जो काम किया है, उसका हिसाब दूंगा और साथ में दूसरों का हिसाब भी लूंगा.’

पीएम मोदी ने संबोधन की शुरुआत में कहा कि 2019 के चुनाव अभियान की शुरुआत मेरठ से शुरु करने की एक खास वजह है. 1857 में वही सपना, वही आकांक्षा दिल में लिए इसी मेरठ से स्वतंत्रता के आंदोलन का पहला बिगुला फूंका गया था. हम सबके आदरणीय चौधरी चरण सिंह जी को मैं नमन करता हूं. चौधरी साहब देश के उन महान सपूतों में से हैं, जिन्होंने देश कि राजनीति को खेत खलिहानों और किसानों की और ध्यान देने के लिए बाध्य किया.
पीएम मोदी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा, ‘जब दिल्ली में इन महामिलावटी लोगों की सरकार थी, तो आए दिन देश के अलग-अलग कोने में बम धमाके होते थे. ये आतंकियों की भी जात और पहचान देखते थे और उसी आधार पर पहचान करते थे कि इसे बचाना है या सजा देनी है.’ उन्होंने कहा, ‘सामान्य वर्ग के गरीबों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला भी हमारी सरकार ने किया है. जब आपने ये खबर सुनी होगी तो आपको भी गर्व हुआ होगा. जब मैं बैंक खाते खुलवाता था तो कुछ बुद्धिमान लोग कहते थे कि देश में बैंक ही नहीं है खाते से क्या होगा. जो 70 साल में गरीब का खाता नहीं खुलवा सके वो आज कहते हैं कि खाते में पैसे डालेंगे.’

वहीं पीएम मोदी ने गुरुवार सुबह ही ट्वीट करके चुनाव प्रचार के आगाज के संबंध में जानकारी दी है. उन्होंने कहा, ‘प्रिय मित्रों, मैं अगले कुछ दिनों तक लोकसभा चुनाव में आपके समर्थन के लिए पूरे देश की यात्रा करूंगा. आज मैं मेरठ (यूपी), रुद्रपुर (उत्तराखंड) और जम्मू (जम्मू और कश्मीर) में रैलियां करूंगा.’
