मतदाता प्रधानमंत्री चुनने के लिए वोट करेंगे, उम्मीदवार कौन है यह सवाल अहम नहीं : योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि इस लोकसभा चुनाव में यह सवाल महत्वपूर्ण नहीं होगा कि उम्मीदवार कौन है, क्योंकि मतदाता प्रधानमंत्री चुनने के लिए वोट करेंगे. इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में योगी आदित्यनाथ ने बतौर नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा, ‘यह केवल भाजपा का सौभाग्य है कि उसके पास ऐसा नेता है. देश भी इसको अपना सौभाग्य मानता है कि हमारे पास ऐसा प्रधानमंत्री है.’
इसके अलावा योगी आदित्यनाथ ने सपा-बसपा गठबंधन को लेकर भी बात की. उन्होंने कहा कि मीडिया ने इन दोनों दलों के साथ आने को बढ़ा-चढ़ा कर दिखाया. उन्होंने कहा कि जमीनी हकीकत कुछ और है. उनके मुताबिक 2014 के मुकाबले इस बार की मोदी लहर ज्यादा बड़ी है और विपक्षी दल कहीं टिक नहीं पाएंगे. योगी ने कहा, ‘मुझे कोई शक नहीं है कि भाजपा 74 से ज्यादा सीटें में कामयाब रहेगी.’
इससे पहले रविवार को योगी आदित्यनाथ ने अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधा था. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार आतंकियों को गोली खिलाती है, जबकि विपक्षी दल उन्हें बिरयानी खिलाते हैं. मुख्यमंत्री ने सहारनपुर में कांग्रेस के उम्मीदवार इमरान मसूद पर निशाना साधते हुए कहा, ‘मसूद अजहर का दामाद इस सीट पर चुनाव लड़ने आया है.’
