उत्तराखंड की लोकसभा सीटों के लिए भाजपा में नो वेकैंसी : प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि राज्य की पांच लोकसभा सीटों के लिए कोई वेकैंसी नहीं है। टिकट वितरण पर अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व लेगा। राज्य के मंत्रिमंडल में ‘रिक्त पद’ के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह वेकैंसी भी भविष्य में भरी जाएगी।कुमाऊं संभाग कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि अभी मंडल स्तर पर मन की बात सुनने के लिए रेडियो का वितरण किया गया है। मंशा है कि राज्य के 11 हजार बूथों पर भी रेडियो का वितरण किया जाए। लोकसभा चुनाव के करीब होने पर रेडियो वितरण करने के औचित्य के सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव में भाजपा जीत दर्ज करेगी और यह कार्यक्रम आगे भी चलेगा।
इससे पूर्व समीक्षा बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने नैनीताल जिले के सभी 22 मंडल अध्यक्षों को बूथ पर मन की बात सुनने के लिए रेडियो सौंपे। इसके अलावा चुनाव तक बूथ पर होने वाले कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी।
हर बूथ में पांच कमल बनाएंगे
समीक्षा बैठक में प्रदेश महामंत्री गजराज बिष्ट, जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, लोकसभा सह प्रभारी नरेंद्र मानस, कुमाऊं विस्तारक प्रमुख मनोज कुमार, विधायक बंशीधर भगत, नवीन दुम्का, संजीव आर्य, ममता पलडिया, मेयर जोगेंद्र रौतेला, सुरेश तिवारी आदि मौजूद थे।
भाजपा ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों के लिए कार्यक्रम तय किए हैं। इसमें सेल्फी विद कमल, हर बूथ पर पांच कमल के फूल बनाने, वाल राइटिंग, पांच से आठ जनवरी तक बूथों की कमेटी का सत्यापन, आठ जनवरी तक विधानसभा की ग्रेडिंग, सोशल मीडिया की टीम के साथ बैठक 12 फरवरी से 25 फरवरी तक कमल ज्योति लाभार्थी संकल्प कार्यक्रम का आयोजन होगा। प्रत्येक घर पर एक झंडा एवं स्टीकर (मेरा परिवार-भाजपा परिवार), 26 फरवरी कमल ज्योति (दीप जलाना), 11 फरवरी सहयोग निधि समर्पण दिवस, दो मार्च बाइक रैली, लाभार्थी सम्मेलन विधानसभावार, अटल आयुष्मान योजना कार्यक्रम करने का फैसला किया गया है। इसी तरह त्रिशक्ति सम्मेलन, मंडलवार शक्ति केंद्र की सूची पूर्ण करना, बीएलए की सूची मंडल वार प्राप्त कर पूर्ण करने का जैसे कार्यक्रम तय किए गए हैं।
